न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला प्रशासन ने पंचायत चुनाव की मतगणना की तैयारियों का खाका खींचना शुरू कर दिया है। इस बार मतगणना न्याय पंचायत वार टेबलों के माध्यमों से होगी। प्रशासन की ओर से एक न्याय पंचायत पर दो-दो टेबलें लगाई जाएंगी। मतगणना की निगरानी संबंधित आरओ व एआरओ करेंगे।
जिले में पंचायत चुनाव की मतगणना के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मतगणना के लिए कार्मिकों का डेटा तैयार किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से मतगणना कराने को लेकर विभागों से कार्मिकों का डेटा मांगा गया है।
मतगणना स्थल पर टेबल रखने जाने और कार्मिकों और एजेंटों के बैठने की व्यवस्था को लेकर खाका खींचा जा रहा है। एक न्याय पंचायत पर दो टेबल लगाई जाएंगी। इन टेबल की मॉनीटरिंग आरओ व एआरओ द्वारा की जाएगी। एआरओ के जरिये मतगणना को फाइनल करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।