न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुरसान (हाथरस)
कस्बा मुरसान में कई दुकानदार कोरोना कर्फ्यू की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसके चलते कई दुकानदारों के बीच बृहस्पतिवार को आपस में नोकझोंक हो गई। दुकानदारों ने मौके पर पुलिस को बुला लिया। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिसकर्मी प्रशासन का मामला बताकर वहां से बिना कार्रवाई किए ही चले गए।
बताया जाता है कि प्रशासन ने जरूरतमंद दुकानदारों को कुछ देर के लिए दुकान खोलने की इजाजत दी है, लेकिन बिना जरूरतमंद दुकानदार भी सुबह से अपनी दुकान खोलकर बैठ रहे हैं। इसका विरोध अन्य दुकानदारों ने किया तो दोनों पक्षों में काफी देर तक नोकझोंक हुई। इसके बाद वहां सब्जी मंडी के कई दुकानदार एकत्रित होकर बाजार में पहुंच गए और उन्होंने कोरोना कर्फ्यू की धज्जियां उड़ा रहे लोगों की शिकायत पुलिस से कर दी। पुलिस को आता देख कई दुकानदार शटर डालकर दुकानों में अंदर बंद हो गए।
पुलिस ने उन दुकानों को खोलने की काफी कोशिश की, लेकिन उन्होंने दुकानों को नहीं खोला। दुकानदार व ग्राहक कई घंटे तक दुकानों में ही बंद रहे। काफी इंतजार के बाद पुलिस मौके से चली गई। पुलिस को जाते देख दुकानदारों ने ग्राहकों को बाहर निकाला। बता दें कि मुरसान कोतवाली के निकट में सब्जी मंडी के दुकानदार पुलिस थाना निकट होने के डर से कोरोना कर्फ्यू का पालन कर रहे हैं।, लेकिन कस्बा के बाजार में कुछ दुकानदार कोरोना कर्फ्यू की सरेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। काफी दुकानदारों ने गैर जरूरतमंद दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।