न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बौनई में जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान पथराव भी हुआ। सूचना के बाद इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई और सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव बोनई में दलित समाज के लोगों को गांव में जमीन आवंटित हुई है। मंगलवार को इस जमीन की नापजोख हो रही थी। इस दौरान उनके बीच कहासुनी हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए और पथराव शुरू हो गया।
मौके पर भगदड़ मच गई। मारपीट में ममता देवी, खुशबू, राजकुमारी, पूजा, प्यारेलाल, विजेंद्र, दुर्गेश, मुर्किंलाल और संजय घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कई लोगों को हिरासत में ले लिया।