न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब निर्माण करने और बेचने वाले 52 अभियुक्तों पर पुलिस ने कार्रवाई की। चार दिनों में पुलिस ने 628 लीटर अंग्रेजी व देसी शराब बरामद की है और कच्ची शराब की दो भट्टियों को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा कई लीटर मिलावटी शराब और 300 लीटर लहन पुलिस ने बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से सात मई को ऑपरेशन प्रहार शुरू किया गया था। जिसके तहत पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने छापेमारी कर अवैध शराब के निर्माण एवं शराब तस्करी में संलिप्त 52 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने छापेमारी कर कच्ची शराब निर्माण करने वाली दो भट्ठियां भी बरामद की गई हैं, जिसमें कई लीटर मिलावटी शराब बरामद हुई।