न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में हुई मारपीट की घटनाओं में दो व्यक्ति घायल हो गए। दोनों पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराके मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र गांव नगला सलेम निवासी रामवीर सिंह पुत्र रनवीर ने कोतवाली में तहरीर देकर अपने ही चारों सगे भाइयों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि वह कुल पांच भाई हैं। उसके चारों भाई उसे जमीन और घर में से कुछ नहीं देना चाहते। जब वह उनसे अपना हिस्सा मांगते हैं तो उसके साथ मारपीट करते है। रविवार को हिस्सा मांगने पर इन चारों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथ में फ्रेक्चर हो गया।
इधर, गांव नगरिया निवासी सुरेशचंद्र पुत्र खमानी राम ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के ही तीन लोगों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। तहरीर में कहा गया है कि वह रेलवे में नौकरी करता है। सोमवार की सुबह जब वह ड्यूटी के लिए जा रहा था तो उसी समय गांव की ही तीन नामजद युवकों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके सिर पर चोट आई है। पुलिस ने दोनों की तहरीर लेकर उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराके जांच शुरू कर दी है।