न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला प्रशासन की ओर से जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने के लिए किए जा रहे प्रयास अब रंग ला रहे हैं। जिले में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए दो उद्यमी तैयार हो गए हैं। ऑक्सीजन का एक प्लांट प्रेम रघु एडं रिचर्स सेंटर की ओर से और दूसरा सादाबाद में लगवाया जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। प्लांट लगाने वाली कंपनी को टोकन राशि भी भेज दी गई है। इन प्लांटों के लगने के बाद जिले में ऑक्सीजन की किल्लत से जल्द छुटकारा मिल सकेगा।
प्रशासन जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगवाने के लिए लंबे समय से उद्यमियों के संपर्क में था। अब प्रशासन को इसमें सफलता मिल गई है। अब जिले में जल्द ही दो ऑक्सीजन के प्लांट लग सकेंगे। जिले में एक प्लांट शहर के प्रेम रघु हॉस्पिटल एंड रिचर्स सेंटर की ओर से लगवाया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। वहीं दूसरा प्लांट सादाबाद में लगेगा।
इसे लेकर भी सभी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। प्रशासन की ओर प्लांट लगाने वाली कंपनी के अधिकारियों से भी वार्ता कर ली गई है। इस कंपनी को टोकन राशि भी भेज दी गई है। कपंनी की ओर से जगह व अन्य मानक के बारे में पूरी जानकारी संबंधित उद्यमियों व प्रशासन को दे दी गई है। सीडीओ आरबी भास्कर ने बताया कि जिले में यह ऑक्सीजन प्लांट निजी तौर पर लगाए जाएंगे। एक प्लांट सादाबाद व दूसरा प्लांट हाथरस में प्रेम रघु हॉस्पिटल एंड रिचर्स सेंटर की ओर से बनवाया जा रहा है।
ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदने की मांगी स्वीकृति
हाथरस। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की उपलब्धता के लिए नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने डीएम को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि शहर के काफी लोग कोरोना महामारी की चपेट में आ रहे हैं। इन लोगों को ऑक्सीजन की जरूरत होती है, लेकिन ऑक्सीजन इन्हें नहीं मिल पा रही। काफी लोग घर पर भी अपना इलाज करा रहे हैं। इन लोगों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की आवश्यकता है। उन्होंने कहा है कि ऐसे में नगर पालिका को यह स्वीकृति दी जाए कि वह ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदकर कोविड अस्पतालों में उपलब्ध कराए।