न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मथुरा रोड स्थित रेलवे स्टेशन के निकट राशन के गोदाम पर राशन लेकर आए ट्रक क्लीनर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जाता है कि विनोद पुत्र गिरप्रसाद निवासी बसेली थाना इगलास अलीगढ़ गांव के ही एक ट्रक चालक के साथ परिचालक का काम करता था। बुधवार की रात को दोनों अपने ट्रक में माल लादकर मुरसान मथुरा रोड स्थित राशन गोदाम पर आए थे।
बताते हैं कि चालक-क्लीनर दोनों ने एक साथ मिलकर रात को खाना खाया और सो गए। सुबह जब ट्रक चालक ने क्लीनर विनोद को जगाया तो पता चला कि उसकी तो मौत हो चुकी है। यह बात ट्रक के चालक ने विनोद कुमार के परिजनों को बताई।
विनोद के परिजन मुरसान आए और शव को गांव ले गए। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मुरसान कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि थाने पर इस तरह की कोई लिखित सूचना नहीं दी गई है।