न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव कंजौली-मई रोड पर ट्रक का पहिया बदल रहे एक क्लीनर को दूसरे ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में क्लीनर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए ले अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद उक्त चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। शव को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। सूचना पर मौके पर युवक के परिजन भी पहुंच गए।
घटना के संबंध में गांव दघेंटा बल्देव मथुरा निवासी राजन सिंह पुत्र ज्वाला सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका 24 वर्षीय बेटा सुनील कुमार ट्रक क्लीनर है। 30 अगस्त को वह ट्रक लेकर आगरा से मई रोड होते हुए मथुरा की तरफ जा रहा था। कंजौली गांव से 500 मीटर आगे उसके ट्रक का पहिया पंक्चर हो गया जिसे जैक लगाकर बदल रहा था।
इसी दौरान गांव मई की तरफ से एक आ रहे एक दूसरे ट्रक ने सुनील को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सादाबाद सीएचसी पर लाया गया जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। इधर, पुलिस ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मृत युवक के शव को सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई की।