न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लॉकडाउन-4 में जिले का ट्रांसपोर्ट कारोबार धीरे-धीरे शुरू हो गया है। दिल्ली हरियाणा आदि प्रांतों को करीब एक हजार गाड़ियों का रोज संचालन हो रहा है। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबारी राहत महसूस कर रहे हैं। आने वाले दिनों में कारोबार के पटरी पर आने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि हाथरस जिले से लॉकडाउन से पूर्व हर रोज करीब 3000 गाड़ियों का संचालन अलग-अलग प्रांतों व जिलों में होता था। लॉकडाउन की शुरुआत के साथ ट्रांसपोर्ट कारोबार का पहिया थम गया। इससे कारोबारियों को काफी मुश्किल हुई। यहां तक की गाड़ियों के किस्त जमा करने के लिए भी सरकार से छूट मांगने की योजना बनाई गई। अब लॉकडाउन-4 में जिले में कल कारखानों में काम की शुरुआत हो गई है।
इसी के साथ ट्रांसपोर्ट कारोबार भी धीमी गति से शुरू हो गया है। हाथरस जिले से प्रतिदिन करीब एक हजार गाड़ियां दिल्ली हरियाणा को सब्जी लेकर जा रही हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में हॉटस्पॉट को छोड़कर नमकीन चुर्री की सप्लाई भी शुरू हो गई है। हालांकि अभी बर्तन, रेडिमेड आदि कारोबार शुरू न होने के कारण अभी ट्रांसपोर्ट कारोबार धीमी गति से चल रहा है।
ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की बिल ही पास के रूप में कार्य कर रही है। इस कारण उन्हें दिक्कत नहीं हो रही है। इस मामले में ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की युवा इकाई के जिला अध्यक्ष वंशी पंडित का कहना है किस जिले से लॉकडाउन-4 में करीब 1000 गाड़ियों का रोज संचालन हो रहा है। दिल्ली, हरियाणा को सब्जी आदि लेकर जा रही है और यूपी में नमकीन आदि की सप्लाई शुरू हो गई है।