न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 2017 से अब तक हाथरस जिले में पहली बार गर्भवती होने वाली 36125 महिलाओं को अब तक लाभान्वित किया जा चुका है। योजना के क्रियान्वयन में जनपद मंडल में प्रथम और प्रदेश में सातवें स्थान पर है। योजना के तहत पहली बार मां बनने पर महिला को पांच हजार रुपये दिए जाते हैं।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिले के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि नौ जुलाई (शुक्रवार) को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के मौके पर समस्त स्वास्थ्य इकाइयों पर आशा एवं एनएम जांच के दौरान प्रथम बार गर्भधारण करने वाली महिलाओं को चिन्हित करेंगी। उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिलाने के लिए फॉर्म भरवाकर पोर्टल पर पंजीकृत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पहली बार गर्भ धारण करने वाली महिला को गर्भधारण के बाद रजिस्ट्रेशन कराने पर प्रथम किस्त के रूप में एक हजार रुपये, दूसरी किस्त प्रसव पूर्व जांच हो जाने पर दो हजार रुपये व तीसरी किस्त प्रसव के बाद बच्चे को सभी टीके लग जाने पर दो हजार रुपये दिए जाते हैं।
योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक अवनेंद्र कुमार राठौर ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी ने सभी चिकित्सा इकाइयों पर पीएमएसएमए दिवस मनाए जाने का निर्देश दिया है। पात्र महिला लाभार्थी राज्य स्तर से जारी हेल्पलाइन नंबर 7998799804 व क्षेत्रीय आशा एवं एएनएम से संपर्क करें और योजना का लाभ उठाएं।