न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गुरु पूर्णिमा का पर्व शनिवार को जिलेभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। सुबह से शाम तक शिष्य गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद लेंगे। कोविड गाइन लाइन के तहत छोटे रूप में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गुरुओं ने शिष्यों से मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर बृज की देहरी पर उल्लास छाया हुआ है। गुरुजन कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। हालांकि कोरोना काल के चलते गुरुओं ने शिष्यों से घरों में रह कर ही पूजा-अर्चना करने की अपील की है। सुबह ब्रह्म मुहूर्त में गुरुओं का पूजन श्रेष्ठ रहेगा। इसके अलावा शहर के किला परिसर स्थित दाऊजी मंदिर, रुई की मंडी स्थित कन्हैया जी मंदिर, गुड़िहाई बाजार स्थित दाऊजी मंदिर, गंगा महारानी मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव आदि मंदिरों में सुबह विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य शृंगार होंगे और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।
सुबह से शुरू होगा गुरु पूजन का सिलसिला
हाथरस। आचार्य बल्लभ जी महाराज के सानिध्य में बिछुआ गली स्थित भास्कर भवन पर गुरु पूर्णिमा पर्व का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बाहर के शिष्यों के लिए ऑनलाइन एप भी बनाया है। इसकी मदद से श्रद्धालु महोत्सव का आनंद ले सकेंगे। आचार्य सुरेंद्रनाथ चतुर्वेदी के सानिध्य में गोशाला स्थित श्री हरि सत्संग भवन पर गुरु पूजन पर्व का आयोजन होगा। आचार्य सीपूजी महाराज के सानिध्य में हनुमान गली स्थित बालाजी सदन में गुरु पर्व मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत आठ बजे से होगी। उपेंद्रनाथ चतुर्वेदी के सानिध्य में सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक नयागंज स्थित डिब्बा गली भागवत भवन पर गुरु पर्व मनाया जाएगा। संवाद