हाथरस: हाथरस में रोडवेज बस में सफर करते यात्री।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रक्षाबंधन के पर्व पर बहनें रोडवेज बसों में सोमवार को मुफ्त सफर करेंगी। इस बार कोरोना काल के चलते खासी एहतियात बरती जाएगी। कोई भी यात्री बस में खड़े होकर सफर नहीं करेगा। सभी बसों को हाथरस डिपो द्वारा लोकल रूटों पर चलाया जाएगा। परिचालक यात्रियों के हाथों को सैनिटाइज कराएंगे। केवल मास्क लगाने वाले यात्रियों को ही बसों में बिठाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस साल भी प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर बहनों को रोडवेज बसों में मुफ्त सफर का तोहफा दिया है। रविवार की रात 12 बजे से सोमवार की रात 12 बजे तक फ्री सफर का सिलसिला जारी रहेगा। हाथरस डिपो द्वारा रविवार को सभी बसों को सैनिटाइज कराया गया। ईटीएम में नया सॉफ्टवेयर लोड किया गया है, जिससे यात्रियों को शून्य बैलेंस की टिकट उपलब्ध कराई जाएगी। बसों को आगरा अलीगढ़, मथुरा और सिकंदराराऊ आदि लोकल रूटों पर संचालित किया जाएगा।
बस में सवार होने से पूर्व यात्री कोविड हेल्प डेस्क पर स्कैनिंग की जाएगी। संचालन को लेकर सभी चालक-परिचालक व कार्यशाला कर्मियों के अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। बसों में सवार होने वाले यात्रियों के हाथों को परिचालक द्वारा सैनिटाइज कराया जाएगा, ताकि बहनें सुरक्षित गंतव्य की दूरी तय कर सकें। हाथरस डिपो के कार्यवाहक स्टेशन प्रभारी वीरी सिंह का कहना है कि बसों में कोई यात्री खड़े होकर सफर नहीं करेगा। संक्रमण को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।