न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
थाना हाथरस गेट पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 12 बाइकें व असलहा बरामद किए हैं। एक बाइक बदमाशों ने काट दी थी। उसके पुर्जे भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने कोतवाली हाथरस गेट में बताया कि थाना हाथरस गेट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य हैं। इन शातिरों ने अपने नाम प्रदीप पुत्र निरंजनलाल निवासी 30/38 कांशीराम कॉलोनी थाना कोतवाली नगर हाथरस, जयप्रकाश उर्फ जैनी पुत्र पप्पू निवासी खेड़ा खुशखबर थाना लोधा, अलीगढ़ व विष्णु पुत्र लोचन सिंह निवासी वेदई थाना सादाबाद जिला हाथरस बताए।
इन शातिरों का एक संगठित गिरोह है। यह शातिर बदमाश अस्पताल, बैंक और भीड़ वाले स्थान व महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों से जिन बाइकों का लॉक पुराना हो जाता है, उनके अलावा अन्य बाइकों को मास्टर चाभी लगाकर चोरी कर लेते हैं। इसके बाद मोटरसाइकिलों को सस्ते दामो पर बेच देते हैं अथवा काटकर उसके उपकरण अलग-अलग बेच देते हैं।
इन बदमाशों ने छह और सात जुलाई को वाटर वर्क्स कॉलोनी व गांव नगला भूरा से बाइक चोरी की थी। यह बाइकें भी बरामद हुई हैं। यह शातिर बदमाश पहले भी लूट, चोरी की वारदातों में जेल जा चुके हैं। इनसे बाइकों के अलावा तीन चाकू भी मिले हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
हाथरस। प्रभारी निरीक्षक मुनीशचंद्र थाना हाथरस गेट, एसआई देवेंद्र कुमार, एसआई अरुण कुमार के अलावा हेड कांस्टेबल संदीप राघव, संतोष कुमार, सौरभ चौधरी, जितेंद्र मलिक थाना हाथरस गेट। संवाद