न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस/सासनी
कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब सासनी की गोहोना चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। वहीं हाथरस शहर में सरकूलर रोड निवासी एक वृद्ध भी जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।
सासनी की गोहाना चौकी पर तैनात एक सिपाही को पिछले दिनों बुखार व खांसी की शिकायत हुई थी तो उसने अपनी जांच अलीगढ़ में कराई। वह अलीगढ़ का ही निवासी है। उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसका उसका उपचार अलीगढ़ में ही चल रहा है। इधर, इसकी जानकारी मिलने पर उसके साथ गोहाना चौकी में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों की जांच भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गई। अब शनिवार को इस चौकी पर तैनात दो पुलिसक र्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई। अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि उक्त दोनों पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन्हें अस्पताल में दाखिल कराने की प्र क्रिया की जा रही है वहीं शहर के सरकूलर रोड निवासी 58 वर्षीय एक वृद्ध की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उक्त वृद्ध का भी उपचार चल रहा है।