न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमिक्रॉन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की नजर विदेश से आने वाले लोगों पर है। विभाग को तीन अन्य लोगों के विदेश से आने की जानकारी मिली है। इसमें से दो के पते तो ट्रेस हो गए हैं, वहीं तीसरे को लेकर अभी छानबीन जारी है। इसके अलावा विदेश से आए 36 लोगों की जांच हो चुकी है। उनका रिपोर्ट निगेटिव आया है।
ओमिक्रॉन के खतरे को लेकर विदेश से आने वालों पर लगातार निगाह रखी जा रही है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग को यह जानकारी मिली कि तीन अन्य लोग विदेश से आए हैं। इसमें शहर में दो लोग आए हैं। एक युवक स्वीडन और दूसरा आस्ट्रेलिया से आया है। इन दोनों के पते तो विभाग को मिल गए। वहीं तीसरे के बारे में अभी छानबीन जारी है। इधर, विदेश से आए 36 लोगों की आरटीपीसीआर जांच भी विभाग ने कराई है। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। संवाद