हाथरस : कैंटर एवं टैंकर की भिड़ंत में क्षतिग्रस्त दोनों वाहन।
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
आगरा-अलीगढ़ हाईवे स्थित घना मोड़ पर शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे कैंटर और टैंकर की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर और कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद टैंकर के चालक और क्लीनर टैंकर को मौके पर ही छोड़कर भाग गए। नजदीक ही ढाबे पर बैठे लोग और राहगीरों की मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कैंटर में फंसे लोगों को बमुश्किल बाहर निकाला और क्रेन मंगवाकर आवागमन को सुचारु कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
शुक्रवार की सुबह आगरा से एक खाली कैंटर गाजियाबाद जा रहा था और दूसरी तरफ से तारकोल से भरा टैंकर अलीगढ़ की ओर से आ रहा था। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर हनुमान चौकी के निकट जैसे ही दोनों वाहन घना मोड़ पर पहुंचे, वैसे ही दोनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि कैंटर में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें 21 वर्षीय साईन पुत्र नवीस निवासी मेेरठ, 30 वर्षीय नाविद अहमद पुत्र मुनाजरा निवासी निजामुद्दीन दिल्ली और 34 वर्षीय आजाद अली पुत्र मोहम्मद अली निवासी हापुड़ शामिल हैं। दुर्घटना के बाद टैंकर के चालक एवं क्लीनर मौके से टैंकर को छोड़कर भाग गए।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कैंटर सवार तीनों लोग बुरी तरह उसमें फंस गए। उन्हें बमुश्किल बाहर निकाला गया। हादसे के बाद आसपास से निकल रहे लोग और नजदीक ही ढाबे पर बैठे लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे हनुमान चौकी प्रभारी मुकेश बाबू दलबल सहित मौके पर पहुंच गए। घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।