न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत अलीगढ़ में हुए लकी ड्रॉ में जिले के तीन किसानों ने पुरस्कार में ट्रैक्टर जीता है। इन किसानों को ट्रैक्टर देने के लिए मंडी समिति परिसर में जल्द समारोह का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मंडी में माल लेकर आने वाले किसानों को सरकार द्वारा इस योजना का लाभ दिया जाता है। मंडी में माल बेचने के बाद इनको कार्यालय में छह आर की रसीद जमा करनी पड़ती है। इसे जमा करने पर पांच हजार रुपये की बिक्री पर मंडी प्रशासन द्वारा किसान को एक कूपन दिया जाता है। जिले के तीन किसानों ने हाथरस कृषि उत्पादन मंडी में माल बेचकर इस लकी ड्रॉ में हिस्सा लिया।
मंडलायुक्त की मौजूदगी में हुए लकी ड्रॉ में जिले के तीन किसानों के ट्रैक्टर निकले हैं। किसानों को मंडी प्रशासन ने सूचित कर दिया है। जल्द मंडी में समारोह के जरिये किसानों को ट्रैक्टर का वितरण किया जाएगा। मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है कि मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में तीन किसानों के ट्रैक्टर निकले हैं। जल्द समारोह का आयोजन कर किसानों को ट्रैक्टर दिए जाएंगे।