हाथरस : आरएसएस कार्यकर्ता राजकुमार को श्रद्धांजलि देते भाजपा जिलाध्यक्ष व मौजूद अन्य लोग। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना निवासी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) कार्यकर्ता राजकुमार उर्फ राजू की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) न्यायिक मोइनुल इस्लाम ने मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी, पुत्री और पुत्र के बयान दर्ज किए जाने के लिए पत्र जारी कर दिया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) व सीएमओ से इस घटना से जुडे़ अधिकारियों व कर्मचारियों का पदनाम सहित पूरा ब्योरा मांगा गया है।
एडीएम न्यायिक ने बताया कि मामले की जांच के लिए मृतक की पत्नी, पुत्री और पुत्र को पत्र जारी कर दिए गए हैं। इन सबके बयान दर्ज किए जाएंगे। अगर परिवारीजन किसी भी अन्य व्यक्ति का बयान दर्ज कराना चाहते हैं तो वह उसे साथ में लेकर आ सकते हैं। इस घटना के बारे में कोई भी व्यक्ति 26 मई तक किसी भी कार्यदिवस में उनके कार्यालय में जाकर अपने बयान या साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है। संवाद