न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रविवार की दोपहर को ओढ़पुरा, प्रगतिपुरम व अलीगढ़ रोड आदि स्थानों पर 33 केवीए की लाइना में फॉल्ट हो गया। इससे आधे शहर में दोपहर से शाम तक बिजली संकट गहरा गया। बिना बिजली के लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। शाम तक कर्मी लाइन को दुरुस्त करने में जुटे रहे।
उल्लेखनीय है कि उमस भरी गर्मी के साथ बिजली सिस्टम ओवरलोड हो रहा है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। रविवार को बिजली टीम बागला अस्पताल में कार्य कर रही थी। अचानक लाइन में कोई खराबी आ गई।
इसी के साथ ओढ़पुरा, प्रगतिपुरम, अलीगढ़ रोड आदि स्थानों पर 33 केवीए की लाइन में फॉल्ट हो गया। इसी के साथ शहर के अलीगढ़ रोड, नवलनगर, रमनपुर, श्रीनगर, जिला चिकित्सालय आदि स्थानों पर दोपहर से शाम तक बिजली सिस्टम गड़बड़ा गया। लोग बिना बिजली के जरूरी कामकाज नहीं कर सके।