न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर में केनरा बैंक की मुख्य शाखा में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक व बैंक कर्मी के बीच चेक के क्लीयरेंस को लेकर कहासुनी हो गई। सूचना के बाद कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी युवक को कोतवाली ले आई। यहां काफी भीड़ लग गई। कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
शुक्रवार की सुबह शहर के दिल्ली वाला मोहल्ला निवासी हर्षित अग्रवाल केनरा बैंक की मुख्य शाखा पहुंचे। यहां उनका एक चेक क्लीयर होने के लिए था। आरोप है कि इस चेक के बारे में बैंक कर्मी से पूछताछ की तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस बैंक पहुंच गई और युवक को अपने साथ कोतवाली ले आई।
जानकारी होने पर युवक के परिवार लोगों के साथ कुछ अन्य लोग भी कोतवाली पहुंच गए। यहां बैंक कर्मी भी पहुंच गए। दोनों पक्षों ने बातचीत के माध्यम से मामले को सुलझा लिया। कोतवाली सदर प्रभारी लोकेश कुमार भाटी ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत से मामले में राजीनामा कर लिया और फिर चले गए। संवाद