हाथरस : बारिश के साथ पडे़ ओले। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बदले मौसम ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है। दोपहर को हुई हल्की बारिश और उसके साथ हुई हल्की ओलावृष्टि से आलू की फसल के प्रभावित होने की आशंका है। किसान यही दुआ मना रहे हैं कि तेज बारिश न हो जाए।
बारिश व ओलावृष्टि ने आलू व सरसों की फसल वाले किसानों के माथे पर पसीना ला दिया है। ऐसे में किसान तेज बारिश न आने की दुआ कर रहे हैं। जिले में आलू की फसल अधिक है और बारिश के कारण सबसे ज्यादा नुकसान भी आलू की फसल में ही होगा। बृहस्पतिवार की दोपहर को तो बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओले भी पड़े हैं। इसे देख किसानों को सर्दी के मौसम में भी पसीना आने लगा है।
गांव सूरजा निवासी राकेश ने बताया कि इस बारिश और ओलावृष्टि से आलू व सरसों की फसल को बहुत नुकसान होगा। उन्होंने बताया कि इस समय सरसों में फूल आ रहा है। आलू की फसल में बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान होगा। रामवीर सिंह ने बताया कि बारिश और ओलावृष्टि से आलू की फसल में झुलसा रोग आने की आशंका बढ़ गई है। अगर मौसम ऐसा ही रहा तो इससे आलू की पैदावार प्रभावित होगी।
किसान इस वक्त बस इतना काम कर सकते हैं कि खेत में पानी को रुकने न दें। बारिश के पानी की खेत से निकाली की उचित व्यवस्था करें। पानी भरने से आलू की फसल के सड़ने का डर है। पाले के संकट को दूर करने के लिए किसान फसल के चारों ओर धुआं करके कम कर सकते हैं।
-डॉ. एके सिंह, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक/अध्यक्ष कृषि विज्ञान केंद्र