न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)।
कासगंज जिले के गांव मुबारकपुर निवासी वैभव पुत्र गोवर्धन को गुरुग्राम से अपने गांव वापस लौटते समय जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। जहरखुरान इस युवक से नकदी और अन्य सामान लूट ले गए और उसे बेहोशी की हालत में सिकंदराराऊ के राठी चौराहे के पास पटक गए। रविवार की सुबह टहलने निकले लोगों की नजर युवक पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उसको सीएचसी में दाखिल कराया। वहां उसका इलाज चल रहा था। खबर लिखे जाने तक युवक को पूरी तरह होश नहीं आया था। युवक का पता उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से मालूम हुआ।
जहरखुरानों के मामलों में बढ़ोतरी के पीछे इनके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न होना है। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए यह आवश्यक है कि जहां का घटनास्थल होगा, वहीं रिपोर्ट दर्ज होगी। उदाहरण के तौर पर यदि कोई यात्री दिल्ली से एटा जाते समय खुर्जा के आसपास जहरखुरानी का शिकार होता है तो स्थानीय पुलिस उसे रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए खुर्जा कोतवाली भेज देती है।
जिस जगह यात्री बेहोश पाया जाता है तो वहां की पुलिस केवल उसका इलाज कराके ही अपनी इतिश्री कर देती है। यही वजह है कि जहरखुरान धड़ल्ले से एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देते रहते हैं और पुलिस घटनास्थल को लेकर ही उलझी रहती है।