न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके में औद्योगिक एरिया में साकेत कॉलोनी को जाने वाले रास्ते पर बिजली की हाईटेंशन लाइन के तार झूल रहे हैं, जिनसे आए-दिन हादसे हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को साकेत कॉलोनी कॉलोनी में अपने मायके आई इगलास क्षेत्र की महिला तार की चपेट में आ गई, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार व आसपास के लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
इगलास क्षेत्र के गांव मौजीपुर निवासी प्रियंका शर्मा पत्नी राहुल शर्मा अलीगढ़ रोड स्थित साकेत कॉलोनी में मायका है। वह अपने मायके बुधवार को आईं थी। बृहस्पतिवार को वह शहर से वापस अपने पिता के घर जा रही थीं। इस बीच रास्ते में झूलते बिजली के तारों की चपेट में आने से प्रियंका शर्मा को करंट लग गया, जिससे वह घायल हो गईं।
जानकारी होने पर परिजनों के होश उड़ गए और महिला को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि बिजली के तार नीचे झूल रहे हैं। इसकी जानकारी जिम्मेदारों को कई बार दे चुके हैं, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। इस कारण आए-दिन हादसे हो रहे हैं। संवाद