हाथरस: गली द्वारिकाधीश में सैनिटाइजर का छिड़काव कराते नगर पालिकाध्यक्ष।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में कई कर्मियों के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद जिले की ग्राम पंचायतों में विकास का पहिया थम गया है। डीपीआरओ कार्यालय में शुक्रवार को कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा। इस कारण शासन स्तर से मांगी जाने वाली सूचनाएं भी नहीं पहुंच सकीं। डीपीआरओ कार्यालय कक्ष को छोड़कर सभी कक्षों में ताला पड़ा रहा। विकास भवन में स्थित अन्य विभागों अधिकारी और कर्मचारी भी नदारद रहे। कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों में दहशत का माहौल रहा।
जिले की ग्राम पंचायतों में लॉकडाउन खुलने के बाद विकास का पहिया फिर से थम गया है। विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय में स्टाफ के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी अपना टेस्ट कराने में जुट गए हैं। पंचायत सचिवों ने ग्राम पंचायतों में भ्रमण करना बंद कर दिया है। कार्यालय में स्टाफ नहीं आने के कारण ग्राम पंचायतों में चल रहे सामुदायिक शौचालयों के निर्माण व पंचायतघरों के निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा नहीं हो पा रही है।
अब तक डीपीआरओ कार्यालय में आधा दर्जन से अधिक लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिसके बाद विकास भवन के अन्य कार्यालयों के अधिकारी व कर्मचारी भी ड्यूटी पर आने से कतरा रहे हैं। हालांकि विकास भवन को रोज सैनिटाइज कराया जा रहा है। इसके बाद भी कार्यालयों से स्टाफ मारे दहशत के नदारद है।