हाथरस : न्यायालय में पुलिस की अभिरक्षा में जाते चारों आरोपी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चंदपा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित बिटिया प्रकरण में बृहस्पतिवार को चारों आरोपियों की कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान बिटिया के पिता और एक चिकित्सक की भी कोर्ट में गवाही हुई। बिटिया के परिजन सीआरपीएफ की सुरक्षा के बीच कोर्ट पहुंचे। कोर्ट परिसर में भी काफी पुलिस बल तैनात रहा। अब इस मामले में अगली सुनवाई 11 नवंबर को होगी।
उल्लेखनीय है कि चंदपा थाना क्षेत्र के एक गांव में पिछले साल 14 सितंबर को अनुसूचित जाति की एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे जान से मारने का प्रयास किया गया था। कुछ दिन बाद पीड़िता ने दिल्ली के एक अस्पताल में दम तोड़ दिया था। यह मामला काफी सुर्खियों में रहा था और इसे लेकर काफी सियासत हुई थी। पुलिस ने युवती की मौत से पहले से ही चारों आरोपियों संदीप, रवि, रामू व लवकुश को गिरफ्तार कर लिया था। यह चारों अलीगढ़ जेल में निरुद्ध हैं। इस मामले में सीबीआई ने जांच की थी और चारो आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र विशेष न्यायालय (एसटी-एसटी एक्ट) में दाखिल किया था।
बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में चारों आरोपियों की पेशी हुई। इन्हें अलीगढ़ जेल से पुलिस न्यायालय लेकर आई। वहीं कोर्ट में सीआरपीएफ की सुरक्षा के बीच बिटिया के परिजन आए। वहां बिटिया के पिता की गवाही हुई। इधर, जेएन मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ की एक चिकित्सक नैंसी गुप्ता की गवाही भी कोर्ट में हुई। बिटिया के पक्ष की ओर से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा कुशवाहा मौजूद थी तो सीबीआई के वकील अनुराग मोदी भी मौजूद थे। वहीं आरोपी पक्ष की ओर से मुन्ना सिंह पुंढीर भी कोर्ट में थे। इस मामले में अब अगली सुनवाई 11 नवंबर को होगी। संवाद