न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को अब एक और नई जिम्मेदारी मिल गई है। अब शिक्षकों को लोगों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराए जाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसे लेकर बीएसए ने आदेश जारी किया है।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि सभी शिक्षकों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराने के निर्देश दिए गए थे। इस संबंध में सूचना भी मांगी गई थी, लेकिन अभी तक सूचना प्राप्त नहीं कराई गई है।
बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि वह सभी शिक्षकों व कर्मचारियों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराएं और प्रत्येक शिक्षक कम से कम 10 अभिभावकों या अपने परिवार के सदस्यों, आस-पड़ोस के व्यक्तियों के मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप इंस्टॉल कराएं। इसके अलावा एप के उपयोग के लिए जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस संबंध में एक सप्ताह के अंदर सूचना भी बीएसए ने मांगी है।