हाथरस: गांव पदू में सैनिटाइजर का छिड़काव करते कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
क्षेत्र के गांव पदू में प्रशासन द्वारा बुधवार को ग्राम प्रधान के माध्यम से सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है। इस गांव का एक बस चालक कोरोना संक्रमित निकलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया था। प्रशासन द्वारा उसे मुरसान के कोविड-1 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। युवक के संक्रमित निकलने के बाद उसके 23 परिजनों को भी क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया था।
यह बस चालक 17 मई को अपनी पत्नी के साथ गांव में आया हुआ था। दो दिन बाद उसकी कुछ तबियत खराब हुई तो वह अपना चेकअप कराने के लिए जिला हॉस्पिटल पहुंच गया। इसकी रिपोर्ट शनिवार को कोरोना पॉजिटिव आई तो प्रशासन ने उसे मुरसान के कोविड-1 हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया।
गांव पदू में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद प्रशासन द्वारा उस एरिया को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा गांव में बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते को बंद कर दिया गया है। गांव में कोरोना संक्रमित निकलने के बाद ग्रामीणों ने गांव में सैनिटाइजर का का छिड़काव कराने की प्रशासन से मांग की थी। इसे अमर उजाला अखबार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। बुधवार को प्रशासन द्वारा ग्राम प्रधान की मौजूदगी में गांव में सैनिटाइजर का छिड़काव करा दिया है।