संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोरोना की तीसरी लहर कमजोर होते ही सोमवार से नर्सरी से आठवीं कक्षा तक के स्कूल खुल गए हैं। लंबे अंतराल में स्कूल खुलने के बाद बड़ी संख्या में छोटे-छोटे छात्र भी स्कूल पहुंचे। इस मौके पर नर्सरी के छात्र भी बड़ी संख्या में क्लास रूम में पढ़ाई करते नजर आए। इस दौरान स्कूल द्वारा भी कोरोना गाइडलाइन का पालन किया गया।
सोमवार से जिले भर के स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों से फिर से गुलजार हो गए। यहां छोटे बच्चों के चेहरों पर खुशी नजर आई। कुछ अभिभावक कोरोना के संक्रमण को लेकर चिंतित नजर आए। इसके अलावा कोरोना के मद्देनजर स्कूल में सभी सावधानियां बरती गईं।
स्कूल में प्रवेश के दौरान बच्चों के तापमान की जांच कर और हाथों को सैनिटाइज करवाने के बाद ही बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिया गया। दूसरी ओर क्लास में बच्चे भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नजर आए और शिक्षक भी उत्साह के साथ बच्चों को पढ़ाते दिखाई दिए। हालांकि आपको बता दें कि नर्सरी में पढ़ने वाले छात्रों के लिए यह पहला मौका है, जब वह स्कूल में पहुंचकर पढ़ाई कर रहे हैं, क्योंकि इससे पहले उन्हें ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाया जा रहा था।
एक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि लंबे समय के बाद स्कूल खुलने से बच्चे बेहद उत्साहित हैं और स्कूल प्रशासन द्वारा कोरोना के सभी नियमों का पालन कर बच्चों को स्कूल में प्रवेश दिया जा रहा है। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए सभी स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान को बंद कर दिया गया था।
कोरोना संक्रमण में गिरावट के बाद फिर से स्कूलों को खोलने का फैसला लिया गया है। सात फरवरी से नौवीं से 12वीं कक्षा तक की कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं और अब सोमवार से नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल भी खुल गए।
- पहले दिन स्कूल आए हैं। काफी अच्छा लग रहा है। पापा ने कोरोना से बचने के लिए मास्क का प्रयोग करने की बात बताई थी। स्कूल में भी यही बताया गया।
-यशवीर, छात्र।
- घर पर रहकर ऑनलाइन पढ़ाई करने में ज्यादा अच्छा नहीं लगता है। स्कूल में अच्छी पढ़ाई होती है। यहीं पर समझ में आता है, इसलिए आज स्कूल आ गए।
-सत्यवीर, छात्र।
- कई दिनों से स्कूल खुलने का इंतजार था, क्योंकि घर में पढ़ाई करने से उतना समझ में नहीं आता है, जितना स्कूल में पढ़ने से आता है।
आर्यन, छात्र।
- स्कूल में प्रवेश से पहले ही हमारे हाथों को सैनिटाइजर से साफ कराया गया। फिर मैडम ने हमें मास्क लगाए रखने की बात बताई। स्कूल आने से अच्छा लग रहा है।
-छवि, छात्रा।