संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बृज क्षेत्र के प्रसिद्ध लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन के लिए जिलाधिकारी (डीएम) रमेश रंजन ने बुधवार को मेला परिसर का निरीक्षण किया। परिसर में एकत्रित कचरे एवं मरम्मत कार्य से निकले मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में होने वाले कार्यक्रमों का प्रसारण एलईडी के माध्यम दिखाने के निर्देश दिए।
डीएम ने मेला ठेकेदार से वार्ता कर अब तक कराए गए कार्यों और मेला परिसर में लगाई जाने वाली दुकानों, पार्किंग स्थल, बैरीकेडिंग और आवागमन वाले मार्गों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। डीएम ने संबंधित ठेकेदार को मेले में की जाने वाली संपूर्ण व्यवस्थाओं का ब्लू प्रिंट तैयार करते हुए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेला प्रांगण में बिना नक्शे के दुकान, झूला और सर्कस आदि लगाने के लिए भूमि का आवंटन नहीं किया जाएगा। मेले के मुख्य मार्ग में किसी भी प्रकार की दुकानें नहीं लगाई जाएंगी। डीएम ने मेला पंडाल व दंगल स्थल का निरीक्षण किया।
वहां टीन शेड क्षतिग्रस्त मिला। इसकी और मेला स्टेडियम की सीढ़ियों की मरम्मत और पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर के प्रमुख स्थानों पर एलईडी टीवी लगाने के निर्देश दिए। मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों को नोटिस जारी करते हुए तत्काल अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को मेला प्रांगण पर जर्जर तारों की मरम्मत कराने एवं मेला परिसर में स्थापित दुकानों के ऊपर पड़ी बंच केबलों को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर से सटकर बनी क्षतिग्रस्त दुकानों को तत्काल तुड़वाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीडीओ साहित्य प्रकाश मिश्र, एडीएम बसंत अग्रवाल, एडीएम न्यायिक मोइनुल इस्लाम, एसडीएम सदर राजकुमार सिंह यादव, नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट विपिन कुमार शिवहरे आदि मौजूद थे।
मेले में खेल-तमाशे वालों का आना शुरू
मेला श्रीदाऊजी महाराज में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संयोजक अपने कार्यक्रमों की तैयारी में जुट गए हैं। वहीं मेला क्षेत्र में विशेष रूप से साफ-सफाई कराई जा रही है। मेले में झूले, वैरायटी शो व अन्य खेल तमाशे वाले भी आना शुरू हो गए हैं। ऐसे में मेला स्थल पर चहल-पहल शुरू हो गई है। मेले की शुरुआत 31 अगस्त को गणेश चतुर्थी से होगी। दो सितंबर को मेले का उद्घाटन होगा।