संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बदमाशों ने अब फिर से बंद मकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। कोतवाली सदर इलाके के आगरा रोड स्थित आशीर्वाद कॉलोनी स्थित बंद मकान से चोर लाखों रुपये के जेवरात व 40 हजार की नकदी पार कर ले गए। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली सदर में तहरीर दी है।
सुषमा पत्नी राकेश निवासी आशीर्वाद कॉलोनी अपने बच्चों के साथ रहती हैं। महिला के पति सीआरपीएफ में तैनात हैं। भैया दूज के दिन महिला अपने सादाबाद स्थित मायके गई थी। सोमवार को जब वो वापस घर लौटी तो अंदर सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए।
महिला का आरोप है कि चोर घर से सोने का एक हार, टीका, सोने की चार अंगूठी, तीन जंजीर, छह अंगूठी, आठ जोड़ी पायल, पांच जोड़ी बीछिया, चार जोड़ी कुंडल व 40 हजार की नगदी चोरी कर ले गए। पीड़ित महिला ने कोतवाली सदर में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। चौकी प्रभारी आगरा रोड जेपी यादव का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।