संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर के ओवरब्रिज पर एक बाइक सवार बदमाश किसान को बातों में उलझाकर उनका रुपयों का थैला छीनकर फरार हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बदमाश का पता नहीं चल सका। पीड़ित किसान ने कोतवाली में इसकी तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दरअसल, कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव कुंवरपुर नयावास निवासी किसान मुरारीलाल शनिवार को मंडी में अपनी सरसों बेचने आए थे। वह मंडी में सरसों बेच कर और उसके 24740 रुपये लेकर तांगे में सवार हो घर की ओर लौट रहे थे। इसी बीच शहर के ओवरब्रिज पर तांगा पहुंचते ही पीछे से एक बाइक सवार आया और खुद को आढ़तिया का कर्मचारी कहते हुए तांगे को रोक लिया।
बाइक सवार ने हिसाब में गड़बड़ी की बात कह कर किसान को अपने साथ मंडी चलने को कहा। जिस पर किसान उसकी बातों में आ गया और उसके हाथ में रुपयों का थैला देकर जैसे ही बाइक पर बैठने को हुआ बदमाश रुपयों का थैला लेकर बाइक से फरार हो गया।
किसान चिल्लाता हुआ उसके पीछे भागा, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर जा चुका था। मामले की जानकारी होने पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।