न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में सीएससी के जरिए अच्छा कार्य करने वाले संचालकों का बिजली विभाग जल्द सम्मानित करेगा। जिले के 400 से अधिक सीएससी संचालकों ने 11 हजार उपभोक्ताओं के जरिए ढाई करोड़ रुपये जमा किया है। इससे महकमे का राजस्व बढ़ा है। छह हजार से अधिक की खुद की इनकम की है। अब इन सीएससी संचालकों का बिजली महकमा सम्मानित करने के लिए चयन करने में जुटा है।
उल्लेखनीय है कि अनलॉक वन में लोग बिजली का बिल जमा करने में सीएससी का सहारा ले रहे हैं। जिले के 430 सीएससी संचालकों ने बिजली महकमे को ढाई करोड़ रुपये का राजस्व दिलाया है।
इस मामले में अधीक्षण अभियंता हरीमोहन का कहना है कि जिले में अच्छा काम करने वाले दस सीएससी संचालकों का सम्मान किया जाएगा। सीएससी वाले काफी सक्रिय है। जून माह में 11 हजार उपभोक्ताओं के जरिए ढाई करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ है।