न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की डायरेक्टर डॉ. कंचन अग्रवाल ने कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैयारियों का जायजा लिया। डायरेक्टर ने चंदपा के स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां भी कोरोना की संभावित तीसरी लहर से निपटने के इंतजाम परखे।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के कोविड वार्डों में मरीजों के लिए तैयार बेड, ऑक्सीजन और टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी से पूछा कि ग्रामीण अंचल में जागरूकता के लिए क्या उपाय किए गए हैं। कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर स्वास्थ्य केंद्र पर क्या व्यवस्थाएं की गई हैं।
मौके पर कोरोना से बचाव का टीका लगवाने आए लाभार्थियों से उनकी समस्याएं पूछीं। वैक्सीन के रखरखाव और स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसपी सिंह एवं अन्य चिकित्सक और अधीनस्थ स्टाफ मौजूद रहा।