हाथरस: ठंड से मृत वृद्धा कमलेश देवी का फाइल फोटो।
- फोटो : HASAYAN
ठंड से गई वृद्धा की जान, परिवार में मचा कोहराम
गांव राजनगर में तिरपाल डालकर रहते थे वृद्ध दंपती
एसडीएम बोले कि राजस्व टीम कर रही मौत के कारण का पता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हसायन (हाथरस)
हसायन (हाथरस)। क्षेत्र के गांव राजनगर में बुधवार की रात एक वृद्धा की मौत हो गई। गांव वालों का कहना है कि उसकी मौत ठंड लगने से हुई है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को ठंड से मौत होने की बात कही है। सूचना से मिलते ही तहसील कर्मचारी गांव राजनगर में ग्रामीणों के बयान दर्ज करने के लिए पहुंच गए। तहसील कर्मचारियों ने ग्रामीणों व वृद्धा के पति से पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही तो उन्होंने इंकार कर दिया।
कमलेश देवी (69 वर्ष) पत्नी बाबू सिंह निवासी राजनगर गांव में खुले आसमान के नीचे तिरपाल डालकर रह रही थी। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों का भरण पोषण चल रहा था। बुधवार को बाबू सिंह सांस की बीमारी का दवा लेने के लिए गए हुए थे। शाम को कुछ लोग उनके लिए खाना लेकर तिरपाल में पहुंचे तो वृद्धा की हालत खराब थी। ग्रामीण रात में ही उसे दिखाने के लिए एक चिकित्सक को बुलाने गए, लेकिन, जब तक वे आते उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों का कहना है कि वृद्ध दंपती के पास रहने के लिए मकान भी नहीं है। जो मकान था वह भी टूटा फूटा हुआ है। उनका एकमात्र बेटा गांव से बाहर मजदूरी करने के लिए गया हुआ है।
ग्रामीणों ने वृद्धा दंपती को प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास दिलाए जाने की मांग की भी की है। इस संबंध में एसडीएम विजय शर्मा का कहना है कि अगर महिला का पोस्टमार्टम कराया होता तो उनकी मौत के कारण का पता चलता। ग्रामीणों ने सर्दी से महिला की मौत होने की बात कही है। महिला की मौत के कारण जानने के लिए राजस्व कर्मियों को गांव भेजा गया है।