संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
विकास खंड के सभागार में शनिवार को ब्लॉक प्रमुख डॉ. प्रतिभा कमल माहौर की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की पहली बैठक हुई। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक हरीशंकर माहौर, ई. दिनेश माहौर, पीडी एके मिश्रा, सतेंद्र सिंह, मदन फौजी, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ, मनरेगा उपायुक्त अशोक कुमार, एमओआई चतुर सिंह, एबीएसए सुबोध पाठक, सीडीपीओ धीरेंद्र मंचासीन थे। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसमें ब्लॉक क्षेत्र के विकास का खाका खींचा गया।
कृषि विभाग से एडीओ एजी हरीमोहन तिवारी ने विभिन्न योजनाओं एवं उन पर मिलने वाले अनुदान, कीटनाशक, दवा, खाद व बीज की जानकारी दी। पशुपालन विभाग से डॉ. सौरभ ने पशुधन बीमा योजना एवं पशुओं में होने वाले रोगों से बचाव की जानकारी दी।
पंचायत विभाग से पीडी एके मिश्रा ने ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत एवं जिला पंचायत के बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि विकास खंड में शौचालय का कार्य पूर्ण हो चुका है। जन उपयोग के लिए सुलभ शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। ग्राम पंचायत को मिनी सचिवालय के रूप में विकसित कराया जा रहा है। सिटीजन चार्टर लागू कर दिया गया है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बच्चों को बंटने वाले पोषाहार व आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगने की बात कही। एबीएसए सौरभ पाठक ने विद्यालयों के कराए जा रहे कायाकल्प योजना की जानकारी दी। जेई जलनिगम मोहम्मद उमर, जेई विद्युत देवकी नंदन ने विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्युत विभाग का बकाया अदा करने की अपील की।
बैठक का संचालन एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने किया। मौके पर राकेश कुमार राजाजी, ज्ञानेंद्र शर्मा एडवोकेट, कपिल शर्मा, थान सिंह, रामकुमार शर्मा, भूरा सेंगर, अरविंद सेंगर, रूपकिशोर सेंगर, राजपाल सेंगर, भूपेंद्र शर्मा, चौधरी अमर सिंह, दुर्योधन सिंह, योगेश सेंगर आदि मौजूद थे।