न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिला पंचायतराज अधिकारी के कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव निकलते ही सहपऊ सीएचसी की स्वास्थ्य टीम सक्रिय हो गई है।
गौरतलब है कि डीपीआरओ कार्यालय में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर एवं ग्राम पंचायत अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव निकलने के वहां तैनात लिपिक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की भी सैंपलिंग कराई गई थी। जांच में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। वह क्षेत्र के गांव बुढ़ाइच का निवासी है।
सहपऊ सीएचसी इस कर्मी के कोरोना पॉजिटिव निकलने की सूचना मिली, वैसे ही बुधवार की रात को ही टीम गांव में पहुंच गई और इस कर्मचारी को एंबुलेंस से मुरसान के कोविड-19 हॉस्पिटल पहुंचाया। उसका इतिहास खंगाला गया तो पता चला कि वह रोजाना गांव से डीपीआरओ कार्यालय में ड्यूटी करने जाता है। सीएचसी प्रभारी डॉ. मोहन प्रकाश ने बताया कि पॉजिटिव मिले कर्मचारी के परिवार के सात सदस्यों सहित उसके आसपास के मकानों में रहने वाले 40 लोगों को भी होम क्वारंटीन कर दिया गया है। 42 लोगों का कोरोना रेपिड एंटीजन टेस्ट कराया, जिसमें यह सभी निगेटिव पाए गए।