न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राशन की दुकानों पर थैंक्यू मोदी जी, थैक्यू योगी जी के होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। इन होर्डिंग्स के जरिये कोरोना काल में लोगों को मुफ्त राशन देने पर पीएम व सीएम का आभार जताया जाएगा। इसके अलावा कैरी बैगों का भाजपा के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि वितरण करेंगे।
सभी जनप्रतिनिधियों से होर्डिंग्स लगवाने के लिए कहा गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि अधिक से अधिक लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए जागरूक करें। पार्टी की ओर से स्वास्थ्य स्वयं सेवकों को प्रत्येक बूथ पर जल्द तैनात किया जाएगा।
जिले की सभी राशन की दुकानों पर जल्द आभार के होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। राशन की दुकानों पर जाकर सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, नगर पालिकाध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी कैरी बैग का वितरण भी करेंगे। जिलाध्यक्ष ने सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से आगामी योजनाओं को समय से पूरा करने की अपील की है। संवाद