न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रोडवेज बस स्टैंड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान में अपनी दुकानें गंवाने वाले लोगों को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में निर्मित दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा। यह लोग 21 जून की सुबह 10 बजे तक टेंडर प्रक्रिया में शामिल होकर बोली लगा सकते हैं। उसी दिन दोपहर एक बजे टेंडर खोले जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण बीते वर्ष हुआ था। बस स्टैंड के मुख्य द्वारों पर कुछ दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा था। इस मामले में रोडवेज के अधिकारियों ने जिला प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार पत्राचार भी किया। मंगलवार को प्रशासन व नगर पालिका की टीम ने यहां से काफी अवैध दुकानों को हटवाया था।
अतिक्रमण हटने के बाद रोडवेज प्रशासन इन दुकानदारों को दुकान देने के साथ अपनी आमदनी बढ़ाने की तैयारी में जुट गया है। बस स्टैंड परसिर में बुक स्टॉल, पान स्टॉल, हथकरघा, नाई आदि दुकानें खाली हैं। अब इन दुकानों के लिए अलीगढ़ में 21 को टेंडर प्रक्रिया होगी। सुबह 10 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। दोपहर को एक बजे टेंडर खोले जाएंगे।