कोरोना से मौत की सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
कोरोना की दहशत के बीच सादाबाद क्षेत्र के गांव गोविंदपुर में शनिवार को एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से संक्रमित होकर मौत हो जाने की अफवाह फैल गई। इससे जिला प्रशासन में खलबली मच गई। मौके पर स्वास्थ्य और पुलिस महकमे की टीम भी पहुंच गईं।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच में प्रथमदृष्ट्या यह सामने आया है कि गांव गोविंदपुर निवासी राजू पुत्र बाबूलाल उम्र करीब 40 साल दिल्ली में मजदूरी का काम करता था। वह दिल्ली से गांव लौटकर आया था। राजू को पहले से ही सांस, ब्लड प्रेशर और डाइबिटीज की बीमारी थी, शनिवार की सुबह करीब चार बजे उसे अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उसकी मौत हुई है। कोरोना वायरस से मृतक राजू संक्रमित नहीं था। स्वास्थ्य परीक्षण में मृतक के परिवारीजन भी स्वस्थ्य मिले हैं। किसी को भी सर्दी, खांसी, बुखार और जुकाम नहीं था। इधर, परिजनों में राजू की मौत से कोहराम मचा हुआ था। चिकित्सकों की टीम के जाने के बाद मृतक राजू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने अंतिम संस्कार होने तक किसी भी ग्रामीण को मृतक के घर तक नहीं पहुंचने दिया।