न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन के बीच भी बैंक व बीमा कार्यालय लगातार अपने ग्राहकों की सेवा में तत्पर हैं। हालांकि, इस समय कोरोना के खतरे को देखते हुए कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों की सुरक्षा चुनौती पूर्ण है। इन चुनौतियों का सामना जरूरी सावधानी बरत कर ही की जा सकती है। इस बारे में सरकार भी लगातार उन्हें कार्यप्रणाली में बदलाव लाने के साथ ही सुरक्षा मानकों के पालन करने को प्रेरित करने में जुट गयी है। कुछ बैंकों और बीमा कार्यालयों ने इन पर अमल करना भी शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग के स्थानीय अधिकारी भी लोगों को जागरूक करने का काम कर रहे हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है।
एटीएम में एक व्यक्ति का प्रवेश का सख्ती से हो पालन
एटीएम के अंदर एक बार में एक ही व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है। बैंक प्रबंधकों से यह भी कहा गया है कि जरूरी कामों के लिए जितने कम से कम कर्मचारियों की जरूरत हो उन्हीं को बुलाया जाए। चेक ड्राप बॉक्स बैंक के बाहर ही रखे जाएं, लोग बाहर से ही चेक डालकर निकल जाएं। एटीएम के गार्ड द्वारा भी ग्राहकों के हाथों की सफाई सुनिश्चित करानी चाहिए।
बैंक के अंदर न लगे अनावश्यक भीड़
अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए काउंटर पर एक बार में एक ही ग्राहक को अनुमति दी जानी चाहिए। पूछताछ से जुड़े कर्मचारी के बैठने की व्यवस्था कार्यालय के प्रवेश द्वार के पास ही होना चाहिए, ताकि जिन ग्राहकों को ज्यादा जरूरी हो वही दफ्तर के अंदर तक जाएं।
- हैंड सैनिटाइजर खुद के पास होना जरूरी
सभी को अपने पास हैंड सैनिटाइजर रखना चाहिए। मास्क/गमछा/रूमाल या स्कार्फ से मुंह व नाक को ढककर रखें, काउंटर पर एक दूसरे से उचित दूरी बनाकर रखें।
- सामाजिक दूरी बनाकर रखें। मास्क लगाकर रखें। बार-बार हाथों को धोएं। कोरोना से सावधानी ही बचाव है। इसी से संक्रमण को रोका जा सकता है।
डॉ. बृजेश राठौर, सीएमओ