संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
डीएम रमेश रंजन की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तहसील सादाबाद के सभागार में किया गया। डीएम ने एसपी विनीत जायसवाल, एसडीएम सादाबाद विपिन कुमार शिवहरे व जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जनसमस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान विभिन्न विभागों की कुल 65 शिकायतें आईं, जिनमें से मौके पर पांच शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त होने वाली शिकायतों का मौके पर जाकर मुआयना करने के पश्चात गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण के साथ ही शिकायतों की पुनरावृत्ति न होने के कड़े निर्देश दिए। डीएम ने एसडीएम को निर्देशित किया कि चकमार्ग सहित अन्य सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों से सख्ती से निपटें और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाएं।
डीएम ने जनसमस्याओं के निस्तारण में कोताही न बरतने के लिए अधिकारियों को आगाह किया और कहा कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंद्र मोहन चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी डीके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी शिव कुमार, जिला दिव्यांगजन एवं सशक्तिरण अधिकारी प्रतिभा पाल, एक्सईएन पीडब्लूडी, एक्सईएन विद्युत, एक्सईएन जल निगम, नलकूप, सिंचाई, आदि विभागों के अभियंता व अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।