न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को सदर कोतवाली में पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर और कोतवाली प्रभारी से मिला। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारियों ने मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
तहरीर में कहा कि मौलाना तौकीर रजा के विवादित व भड़काऊ बयान समाज में हिंदुओं के खिलाफ जहर घोल रहे हैं। वह स्पष्ट रूप से कानून हाथ में लेकर राष्ट्रद्रोही बयानबाजी कर रहे हैं, जो निंदनीय है। ऐसे मौलाना के खिलाफ तुरंत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
सीओ और कोतवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शीघ्र इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में दिनेश शर्मा, पूर्व शहर अध्यक्ष मोहन पंडित, संजय सक्सेना, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर सिंह भैयाजी, मनोज शर्मा आदि थे। संवाद