न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के 17800 राशन कार्डों पर निरस्तीकरण की तलवार लटक गई है। वहीं 38 हजार लोगों के राशन कार्ड में से नामों को काटने की तैयारी की जा रही है। शासन के निर्देशों के क्रम में 31 मार्च तक आधार कार्ड की फीडिंग न किए जाने पर यह कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसे लेकर विभाग ने ऐसे राशन कार्डों को चिह्नित कर लिया गया है।
शासन स्तर से खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता व पोर्टेबलिटी सिस्टम के जरिए राशन कार्ड धारकों को सुविधा मुहैया कराने के लिए आधार फीडिंग व सीडिंग कराए जाने के निर्देश दिए गए थे। जिससे कि कार्डधारक द्वारा प्रदेश की किसी भी दुकान से खाद्यान्न लिया जा सके और खाद्यान्न वितरण पर सीधी निगरानी रखी जा सके। इसी क्रम में शासन ने 31 मार्च तक सभी राशन कार्डधारकों के आधार की फीडिंग व सीडिंग किए जाने के निर्देश दिए थे। यहां जिले में 17800 कार्डधारकों के मुखिया के आधार कार्ड अभी तक फीड नहीं हुए हैं।
वहीं 38 हजार लोगों के भी आधार कार्ड राशन कार्डों में अपडेट नहीं हुए हैं। इस कारण अब इन राशन कार्डों की सूची को तैयार कर लिया गया है। सभी डीलरों को यह सूची उपलब्ध करा दी गई है और आधार कार्डों को फीड कराए जाने के निर्देश दे दिए गए हैं। अगर 31 मार्च तक आधार कार्डों की फीडिंग नहीं होती है, तो इन कार्डों को निरस्त किए जाने व लोगों के नामों को काटे जाने की कार्रवाई की जाएगी। डीएसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि 31 मार्च तक सभी राशन कार्डधारक अपने अपने आधार कार्डों को राशन डीलर व ऑनलाइन माध्यम से फीड करा सकते हैं। अन्यथा शासन के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।