न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गर्मियों के सीजन में शहर से देहात तक बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए किए जा रहे इंतजामों को अब अधीक्षण अभियंता परखेंगे। गांव में डाली गई नई लाइन व अन्य कामों को देंगे। सबस्टेशनों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमतावृद्धि के अलावा के बिलिंग व राजस्व संग्रह की जानकारी हासिल करेंगे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने पूर्व में दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत घरेलू व नलकूपों की लाइन को अलग कराया। कुछ गांवों में काम अभी रह गया है। इसके अलावा ग्रामीणों को बेहतर आपूर्ति मुहैया कराने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों पर नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ पुराने ट्रांसफॉर्मरों की क्षमतावृद्धि की गई है।
इन व्यवस्थाओं को परखने के लिए अधीक्षण अभियंता रोज एक गांव का भ्रमण करेंगे। वहां की बिजली व्यवस्था को लेकर आला अधिकारियों को रिपोर्ट देंगे। अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि गांवों में विद्युतीकरण के काम की जांच की जाएगी। गर्मियों में बेहतर आपूर्ति देने के लिए की जा रहीं तैयारियां अंतिम चरण में हैं।