न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
चंदपा क्षेत्र के गांव दरकई में सगे भाइयों में जमीन को लेकर विवाद हो गया। वहां जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इसमें मां और बेटा घायल हो गए। सिर में ईंट लगने से बछड़े की मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
संतोष निवासी दरकई थाना चंदपा अपनी मां सत्यवती के साथ रहता है, जबकि तीन और भाई अपने-अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। संतोष के हिस्से में में दस बीघा जमीन है। जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में आए दिन विवाद होता रहता है। बृहस्पतिवार की देर रात को भाइयों में जमीन के बटवारे को लेकर कहासुनी हो गई। गाली-गलौज होने पर संतोष ने जब विरोध किया तो परिवार के सदस्यों ने ईंटों से पथराव कर दिया, जिसमें संतोष और उनकी मां सत्यवती घायल हो गई।
ईंट लगने से संतोष के बेहोश हो गई। ग्रामीणों ने मारपीट और पथराव की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर उपनिरीक्षक रामबाबू भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर को बुलाकर बछड़े के शव का पोस्टमार्टम भी कराया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में मारपीट और पथराव करने वाले परिवार के आरोपी चार सदस्यों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।