न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव ककोड़ी में मेला स्थल के पास दो पक्षों मे पथराव और फायरिंग हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पथराव और फायरिंग की बात से इंकार किया है।
गांव ककोड़ी में मंगलवार को मेला लगा था। मेले में पास के गांव दरकई के युवक भी आए थे। यहां जलेबी खरीदने को लेकर दरकई और ककोड़ी गांव के युवकों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई। मंगलवार को हुए विवाद को तो वहीं पर शांत करा दिया गया, लेकिन आरोप है कि बुधवार की सुबह दरकई गांव के काफी युवक लाठी-डंडों से लैस होकर गांव ककोड़ी आए और लड़कों के परिजनों पर हमला बोल दिया, जिससे गांव में भगदड़ मच गई।
पथराव और फायरिंग की सूचना चंदपा पुलिस को हुई तो तत्काल प्रभारी निरीक्षक नीतावीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं और विवाद करने वाले 18 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। गनीमत यह रही कि दोनों पक्षों में से किसी भी पक्ष के कोई चोट नहीं आई है। एसपी विनीत जायसवाल का कहना है कि दोनों गांवों के युवकों के बीच मेले में जलेबी खरीदने के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। बुधवार की सुबह फायरिंग व पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 18 लोगों को हिरासत लिया है। इस मामले मेें आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।