न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अब लोगों को योजनाबद्ध तरीके से ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। पहले उनके खाते में कुछ रुपये भेजे जा रहे हैं और फिर एक झटके में ही लाखों की रकम निकाली जा रही है। ऐसे ही एक मामले में बुधवार को पीड़ित ने कोतवाली पर पहुंचकर शिकायत की।
नगर के मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी सलीम बेग पुत्र नवाब बेग ने बताया कि 31 मार्च को सुबह करीब 11 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक कॉल आई। कॉल करने वाला व्यक्ति बोला कि वह नोएडा से बोल रहा है और कहने लगा कि वह उनके बेटे शादाब बेग के पेटीएम खाते में वह 14 हजार रुपये डाल रहा है।
उसने बेटे का नंबर ले लिया। उसके बाद खाते में 14 हजार रुपये आ गए, लेकिन कुछ ही देर बाद 14 हजार रुपये के अलावा 84 हजार रुपये सहित कुल 98 हजार रुपये खाते से पार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।