हाथरस: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए बाजारों में पोशाकों की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
योगीराज श्रीकृष्ण का जन्मदिन बृज की द्वार देहरी पर बुधवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। बुधवार को हर घर कान्हा जन्म लेंगे। पर्व को लेकर मंगलवार को पूरे दिन तैयारियों का दौर चला। मंदिरों में भी सजावट को अंतिम रूप दिया गया। बाजारों में लोगाें ने सुबह से शाम तक पूजा और उपवास की सामग्री की खरीदारी की। इस बार कोरोना काल के चलते सार्वजनिक आयोजन नहीं होंगे। हालांकि सोशल मीडिया पर जन्माष्टमी पर्व का उल्लास छाया हुआ है। लोग एक-दूसरे को बधाई संदेश भेज रहे हैं।
मंगलवार को जन्माष्टमी को लेकर पूरे दिन लोग तैयारियों में व्यस्त रहे। बाजारों में लोगों ने ठाकुरजी की पोशाक, लड्डू गोपाल की प्रतिमा, पालने, शृंगार की सामग्री की खरीदारी की। किराना दुकानों पर भी उपवास की सामग्री खरीदने के लिए काफी भीड़ रही। जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में रंग बिरंगी झालरों से सजावट की गई है।
बाजारों में फल, मेवा के अलावा कन्हैया जी को खीरे में रखा जाता है, इसलिए लोगों खीरे की जमकर खरीदारी की। इस बार कोरोना काल के चलते जिले के लोग जन्मस्थान मथुरा नहीं जा पाएंगे। वहां मथुरा जिला प्रशासन से पूरी तरह से रास्तों को बंद कर दिया है और श्रदालुओं से मथुरा नहीं आने की अपील की है। कोराना काल के चलते इस बार मंदिरों में सार्वजनिक आयोजन भी नहीं होंगे। लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ घरों में जन्माष्टमी का पर्व मनाएंगे।