रोस्टर का उल्लंघन न करने को लेकर व्यापारियों से वार्ता करते एसडीएम सीओ।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
लॉकडाउन में डीएम द्वारा जारी किए गए रोस्टर का उल्लंघन करने वाले आठ दुकानदारों को लॉकडाउन की समाप्ति तक अपनी दुकानें बंद रखनी होंगी। दोबारा ऐसी गलती नहीं हो, इसके लिए दुकानदारों से हलफनामा लिया गया है।
बता दें कि डीएम ने लॉकडाउन फोर में विभिन्न ट्रेड की दुकानें खोलने की अनुमति रोस्टर के तहत दी है। इसका नगर में 80 फीसदी तक पालन हो रहा है। मंगलवार को एसडीएम विजय शर्मा और सीओ डॉ. राजीव सिंह ने नगर के बाजार और जीटी रोड से बाइक मिस्त्री, मोबाइल फोन और जनरल स्टोर की आठ दुकानों को रोस्टर के विपरीत खुला पाया था। उसी समय अधिकारियों ने दुकानों को बंद करके उनकी चाभियां अपने पास रख ली थीं। बुधवार को एसडीएम और सीओ ने नगर पालिका में व्यापारियों के साथ बैठक की। एसडीएम ने कहा कि रोस्टर का उल्लंघन करना डीएम के आदेश की अवेहलना है। इन दुकानदारों को लॉकडाउन की समाप्ति 31 मई तक दुकान बंद करने की सजा दी जाती है। साथ ही ये लोग एक हलफनामा भी देंगे कि आगे से लॉकडाउन के नियमों का पालन करेंगे। यदि उल्लंघन करते भविष्य में पकड़े गए तो इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। बैठक में विपिन वार्ष्णेय, इरफान सैफी, चंचल गुप्ता, मीरा माहेश्वरी, चंदन वार्ष्णेय, संजीव महाजन, प्रवीण कुमार, मनोज वार्ष्णेय, विकास वार्ष्णेय, जितेंद्र वार्ष्णेय पिंटू आदि मौजूद थे।