न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन स्तर से 16 अक्तूबर तक जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस क्रम में डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने सभी बीडीओ और एडीओ पंचायत को अपने-अपने क्षेत्र में रोस्टर बनाकर सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस दौरान आम लोगों को भी सफाई के प्रति जागरूक किया जाए।
आगामी त्योहारों को देखते हुए शासन स्तर से ग्रामीण क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस क्रम में डीएम ने सभी बीडीओ और एडीओ पंचायत को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अभियान के दौरान खुले नाले-नालियों को ढंकने की व्यवस्था की जाए।
स्वच्छ पेयजल के लिए समय-समय पर दवाओं से उसका शुद्धिकरण किया जाए। हैंडपंप के पाइपों को चारों ओर से कंक्रीट से बंद कराया जाए। सड़क किनारे उगी वनस्पति को हटाया जाए।